सिविल कोर्ट सेण्ट्रल बार एसोसिएशन ने अरशद जमाल को किया सम्मानित


 20 लाख रूपये की लागत से परिसर के मार्ग निमार्ण एवं जल निकासी की होगी व्यवस्था-अरशद जमाल

मऊ। आज मऊ की दीवानी न्यायालय में स्थित बार के मीटिंग हाल में सिविल कोर्ट सेण्ट्रल बार एसोसिएशन की तरफ से एक भब्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में नवनियुक्त पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल उपस्थित थे। इस सम्मान समारोह में गणमान्य अधिवक्ताओं ने अरशद जमाल का भब्य स्वागत किया।
इस स्वागत समारोह में सिविल कोर्ट सेण्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शमसुलहसन एडवोकेट ने पालिकाध्यक्ष का स्वागत करते हुये कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें अरशद जमाल जैसा पालिकाध्यक्ष मिला है। उन्होंने श्री जमाल से अपनी अपेक्षायें साझा करते हुये कहा कि दिवानी परिसर में खराब रास्तों के चलते जनपद भर से आने वाले वादियों एवं अन्य आगन्तुकों को भारी दिक्कतों का सामना है। महिला कोर्ट की ओर भी श्री जमाल का ध्यान आकृष्ट कराते हुये कहा कि यदि इस क्षेत्र में टिन शेड लग जाता तो महिला अधिवक्तओं के साथ महिला वादकारियों के लिये भी बैठने की वयवस्था हो जाती।
सिविल कोर्ट सेण्ट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री हरिद्वार राय एडवोकेट ने पालिका अध्यक्ष की कमान संभालने पर पूरे अधिवक्ता परिवार की ओर से संयुक्त बधाई दी एवं उनका स्वागत किया। श्री राय ने कहा कि बार के अध्यक्ष महोदय ने सभी समस्याओं को श्री जमाल के सामने रखा। वरिष्ठ अधिवक्ता हरिद्वार राय ने भी श्री जमाल को अतीत की याद दिलाते हुये कहा कि जनपद को संवारने बनाने में आपके पिछले कार्यकाल में विकास की एक लम्बी श्रृखला रही है जो हमें आप से उम्मीदें बांधने के लिये प्रेरित करती है। इसी लिये हमें पूर्ण विश्वास है कि आप द्वारा न्यायालय परिसर में विद्यमान समस्याओं का अवश्य ही समाधान निकाल लिया जायेगा।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने इस सम्मान समारोह के अवसर पर सभी सम्मानित अधिवक्तागण का हृदय तल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुये विद्वान अधिवक्ताओं से कहा कि आप समाज के वह बुद्धिजीवी लोग हैं जो शोषित, वंचित लोगों को न्याय दिलाने में उनकी मदद करते हैं तथा उन्हें पीड़ा से निकाल कर राहत पहुंचाने हेतु तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि आप का मुझे भी सदैव साथ मिलता रहा है इस लिये मेरी भी जिम्मेदारी है कि दीवानी परिसर को अच्छा स्वच्छ एवं सुचारू वातावरण प्राप्त रहे तथा आगुन्कों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न झेलनी पड़े। उन्होंने बताया कि यहां आने से पूर्व ही मैंने पालिका के इंजीनियर को भेज कर वांछित कार्याें का आगणन करा लिया है जिसकी लागत लगभग 20 लाख रूपये आंकी गयी है। श्री जमाल ने बताया कि इस आशय का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में आने वाला है। इस प्रस्ताव के पारित होते ही अविलम्ब सभी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर बरसात के आस पास कार्य आरम्भ करने की योजना है जिसे जल्द ही पूर्ण कर आप की अपेक्षाओं को मूर्त रूप देने के प्रयास में लगा हुआ हूँ। इस अवसर पर 24 अधिवक्ताओं ने अपने-अपने घरों से सम्बद्ध रास्तों की मरम्मत एवं निर्माण हेतु पालिकाध्यक्ष को लिखित प्रस्ताव दिया जिसे प्राप्त कर श्री जमाल ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वांछित कार्याें को भी कराने का आश्वासन दिया।