15 जून से 23 जून तक मनाया जाएगा योग सप्ताह


21 जून को नवम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में

मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में 15 जून से 23 जून तक योग सप्ताह तथा 21 जून को नवम अंतरराष्ट्रीय योग मनाए जाने की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जयराम यादव द्वारा तैयारियों के संबंध में बताया गया कि 15 जून को योग सप्ताह का शुभारंभ पुलिस लाइन प्रांगण में किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को बलिया मोड़ स्थित डॉ0 भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योगाभ्यास कार्यक्रम के आयोजन में पंचायती राज विभाग, ग्राम विकास विभाग एवं नगर विकास की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों में कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाएं जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में योग सप्ताह 15 जून से 23 जून तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाने हेतु जनपद स्तर पर 503 सेन्टर चयनित कर योग प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद स्तर पर योग से संबंधित स्वयंसेवी संस्थाओं तथा उनके योग प्रशिक्षकों के माध्यम से योगाभ्यास कार्यक्रम में सहयोग करने तथा आंगनबाड़ी, आशा और ए.एन.एम. व अन्य योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित करते हुए सामूहिक आयोजनों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त पुलिस थाना, पुलिस लाइन, पी.ए.सी. बटालियन, एन.सी.सी., एन.एस.एस., स्काउट गाइड, प्रांतीय रक्षा दल को सम्मिलित करते हुए योगाभ्यास के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालयों एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयो में समुचित सफाई व्यवस्था कराते हुए कार्यक्रम का आयोजन कराएं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार जनपद में समस्त कार्यक्रमों के आयोजन में समयबद्धता स्वच्छता एवं कोविड प्रोटोकाल का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक के दौरान एम.एल.सी. विक्रांत सिंह रिशु, योग टीचर एंड फिजीशियन एसोसिएशन, यू.पी.नेचुरोपैथी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय योग संस्थान, पतंजलि योग संस्थान, गायत्री परिवार, सूर्या इंटरनेशनल फाउंडेशन, आर्ट आफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी, हार्टफूलनेस, राधा कृष्ण मिशन सेवा आश्रम, जिला क्रीड़ा अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।