करहां (मऊ) : मोहम्मदाबाद गोहना तहसील अन्तर्गत करहां बाजार में स्थित प्रसिद्ध जामा मस्ज़िद-ए-शायरा में 23वें रोज़ा पर कौमी एकता की मिशाल पेश करती हुई एक बड़ी इफ़्तार दावत आयोजित हुई। इसमें आसपास और दूरदराज़ के रोज़ेदार एवं सर्वसमाज के लोगों ने हिस्सा लिया तथा अपनी गंगा-ज़मुनी तहज़ीब की सलामती के लिए दुआ में हाथ उठाये।
बताते चलें कि करहां की धरती बाबा घनश्याम साहब एवं शमीम करहानी की वह पावन सरज़मीं है जहाँ पुराने समय से लेकर आज तक सभी समाज के लोग मिल जुलकर रहते आये हैं। बीते हुए समय में विभिन्न कारणों से देश, प्रदेश एवं जिला मुख्यालय में कई बार सामाजिक सौहार्द बिगड़ा लेकिन यहाँ के लोग इससे अछूते रहे। इसी तरह की मिशाल आज शायरा मस्ज़िद की सहन में आयोजित इफ़्तार पार्टी में देखने को मिली। जब लगभग 600 के करीब रोज़ेदारों सहित सर्व समाज के लोगों ने मिलकर इफ़्तार का आनंद लिया तथा एक बार फिर करहां की इसी सामाजिक एकता को आईन्दा भी कायम रखने के प्रति एकजुट दिखे।
पाक रमजान का महीना खैरोबरकत का है जिसमें अल्लाह की रहमत रात और दिन बरसती रहती है। इस माह में जो सख्श रोज़ेदार को एक खजूर या एक घूँट पानी पिलाये अल्लाह उसकी मग़फ़िरत कर देता है और वह जहन्नम से दूर और ज़न्नत के करीब हो जाता है। इसी मक़सद से आज बाजार के युवा व्यवसायियों अशरफ़ कमाल, एखलाक अहमद, फ़रोग़ आलम, मोहम्मद ज़ाहिद, माहताब आलम, किशन गुप्ता, अबू सहमा, शुभम मद्धेशिया, इरशाद अहमद आदि ने मिलकर मौलाना हाज़ी इनामुलहक साहब की सरफरस्ती में इस दावत का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्रीय लोंगो के साथ माहपुर, चिरैयाकोट, मुहम्मदाबाद गोहना, खैराबाद, ज़हानागंज, अतरारी आदि जगहों से रोज़ेदार एवं सभी समाज के व्यवसायी, पत्रकार, चिकित्सक, अध्यापक, खिलाड़ी, समाजसेवी, किसान एवं छात्रों ने भाग लिया। दावत में प्रमुख रूप से हाज़ी अब्दुल गफ्फार, शहज़ादे खां, संजय राय, मौलाना डॉ. अज़ीमुल्लाह, डॉ. राजू, रविभूषण सिंह, शाहआलम खां, विष्णुकांत श्रीवास्तव, आरिफ खां, बालेन्द्र सिंह, सैयद हसन आरिफ़, रवि पासी आदि ने हिस्सा लिया।
