जनपद मऊ पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक शीतला प्रसाद पाण्डेय, रेडियो उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार सिंह, चन्द्र प्रकाश उपाध्याय, राधेश्याम सिंह, बृजेश कुमार, सीताराम, रामाश्रय राम, मुख्य आरक्षी राम करन राम तथा रीडिंग फॉलोअर मैन रामकरन राम को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोमेंटो, शॉल, प्रशस्ति पत्र, श्रीरामचरितमानस एवं उपहार भेंट कर उनके लंबे, समर्पित और अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
