रतनपुरा मऊ--रतनपुरा प्रखंड के गहनी ग्राम पंचायत निवासी एवं डीआईजी कारागार के पद से सेवानिवृत्त वेद प्रकाश त्रिपाठी के सुपुत्र कौस्तुभ त्रिपाठी का चयन डिप्टी एसपी के पद पर हुआ है। पीसीएस 2022 के परीक्षा परिणाम आने के बाद कौस्तुभ के परिवार सहित उनके पैतृक गांव गहनी में व्यापक प्रसन्नता व्याप्त है। इस तरह से कौस्तुभ त्रिपाठी ने होनहार बिरवान के होत चिकने पात की कहावत को चरितार्थ कर दिया है। और साबित कर दिया है कि जो महान होते हैं, उनकी प्रतिभा बचपन में ही दिख जाती है। कौस्तुभ त्रिपाठी बचपन से ही कुशाग्र , मेघावी तथा विलक्षण प्रतिभा के धनी थे।
उन्होंने हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ से पूरी की। इसके बाद उनका चयन आईआईटी बीएचयू के लिए हो गया। वहां से सिविल इंजीनियरिंग में आईआईटी की पढ़ाई पूरी करके वर्ष 2015 में पास आउट हुए। वे अपने पिता वेद प्रकाश त्रिपाठी से मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए पीसीएस की तैयारी में लग गए। पीसीएस की तैयारी उन्होंने अपनी माता डॉक्टर सरिता त्रिपाठी के दिशा निर्देशन में दिल्ली से कर रहे थे। उनकी मां डॉक्टर सरिता त्रिपाठी उन्हें पीसीएस की परीक्षा में पूछे जाने वाले कठिन प्रश्नों को कम समय में द्रुतगति से कैसे हल किया जाए उसमें उनका व्यापक रूप से सहयोग और मार्गदर्शन कर रही थी। जिनके सही दिशा निर्देशन और अपनी मेघा शक्ति के बल पर उन्होंने पीसीएस की परीक्षा उत्तीर्ण की ।तथा उनका चयन डिप्टी एसपी के पद पर हो गया।
डिप्टी एसपी के पद पर चुने गए कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें शुरू से ही अपने पिता वेद प्रकाश त्रिपाठी से प्रेरणा और माता डॉक्टर सरिता त्रिपाठी का समय समय से मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा। खासतौर से उनकी माता डॉक्टर सरिता त्रिपाठी उनकी तैयारी में सदैव साथ रह कर के आवश्यक दिशा निर्देश देती रहती थी। जिनकी वजह से पीसीएस परीक्षा की तैयारी में व्यापक सहयोग प्राप्त हुआ। और इनके आशीर्वाद से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल रहे।
आपको बता दे कि कौस्तुभ त्रिपाठी के दादाजी स्वर्गीय नरसिंह त्रिपाठी रतनपुरा प्रखंड के मोहम्मदपुर बरहिया ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक थे। पिता वेद प्रकाश त्रिपाठी डीआईजी कारागार के पद से जनवरी 2022 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। कौस्तुभ त्रिपाठी की बहन स्तुति त्रिपाठी नोएडा में पीसीएस ऑफिसर हैं, उन्होंने बीएचयू से बी टेक किया है, और मौजूदा समय में आबकारी निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं,और उनके बहनोई सुमित त्रिपाठी बैंक ऑफ बड़ौदा कानपुर देहात में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उनकी बुआ मधुलिका त्रिपाठी बीएचयू से एम फिल की है। जबकि उनके फूफा प्रमोद कुमार द्विवेदी प्रयागराज नगर निगम में मुख्य प्रोसेसिंग ऑफिसर हैं।
