डीएम ने संचारी रोगों एवं डेंगू से प्रभावित वार्डो तथा संयुक्त जिला अस्पताल स्थित डेंगू वार्ड का किया निरीक्षण।

जिलाधिकारी ने संचारी रोगों एवं डेंगू से प्रभावित वार्डो तथा संयुक्त जिला अस्पताल स्थित डेंगू वार्ड का किया निरीक्षण।

संचारी रोगों एवं डेंगू से बचाव हेतु समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

लापरवाही पाए जाने पर संबंधितो के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई- जिलाधिकारी।

आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने जनपद में संचारी रोगों एवं डेंगू से सर्वाधिक प्रभावित वार्डो मटिया टोला एवं पठान टोला का निरीक्षण करने के साथ ही संयुक्त जिला अस्पताल स्थित डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से उनके वार्डो में नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे फागिंग कार्य, एंटी लार्वा, छिड़काव आदि के बारे में जानकारी ली।इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित जांच कैंप लगाने के बारे में भी जानकारी स्थानीय लोगों से ली। कुछ स्थानीय लोगों ने फागिंग कार्य व्यवस्थित ढंग से ना होने की भी शिकायत की।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमित कैंप लगाकर सभी बीमार व्यक्तियों की जांच करने एवं डेंगू के संदिग्ध मरीजों को तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराकर प्रारंभिक उपचार शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोस्टर के अनुसार व्यवस्थित ढंग से फॉगिंग एवं छिड़काव कार्य स्वयं की निगरानी में नियमित रूप से कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को दिए। मटिया टोला में ही लगे जांच कैंप का भी निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा किया गया। वहां पर उन्होंने अब तक हुई जांचों एवं डेंगू के संदिग्ध मरीजों के बारे में जानकारी ली। पास स्थित पठान टोला वार्ड का भी निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा किया गया। वहां पर भी स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान लोगों ने बताया कि अब पहले से स्थिति बेहतर है। नियमित रूप से साफ सफाई एवं जांच कैंप का आयोजन किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने बताया कि नगर पालिका से संबंधित किसी भी तरह की समस्या होने पर टोल फ्री नंबर 9151700777 एवं 1533 पर फोन करने पर तत्काल समस्या का उचित समाधान कराया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को अपने कैंप लगाने एवं फागिंग तथा छिड़काव कार्य के रोस्टर को इन मोहल्लों के विभिन्न जगहों पर चस्पा करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय लोगों को यह पता चल सके कि उनके यहां जांच कैंप एवं फागिंग तथा छिड़काव कार्य कब होने हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने संचारी रोगों एवं डेंगू से बचाव हेतु किए जा रहे कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर सभी संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
वार्डो के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने संयुक्त जिला अस्पताल स्थित डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण किया, जहां एक संदिग्ध डेंगू का मरीज एडमिट था। जिलाधिकारी ने भर्ती मरीज के सहायक से वहां पर मिल रही सुविधाओं एवं साफ सफाई के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डेंगू वार्ड के संबंध में स्थिति संतोषजनक पाई गई।उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका को डेंगू वार्ड को 24 घंटे खुला रखने के साथ ही वहां पर एक डॉक्टर की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जिससे लोगों को डेंगू के इलाज की सुविधाएं अनवरत उपलब्ध हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका से अस्पताल में दवा की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति आदि के बारे में भी जानकारी लेते हुए शासन द्वारा दी जा रही सभी सुविधाएं समस्त मरीजों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में विशेष साफ-सफाई रखने के भी निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका को दिए। जिला अधिकारी ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा संचारी रोगों एवं डेंगू रोग से बचाव हेतु स्वयं भी प्रयास करने की अपील की।