राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पहुंची मऊ ,महिला जनसुनवाई सम्पन्न


राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य अर्चना मऊ जिले के दौरे पर आई थीं। इस मौके पर मिशन शक्ति 4.0 जागरूकता चौपाल के तहत महिला जनसुनवाई के दौरान ग्यारह महिलाओं ने राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना के समक्ष अपनी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को सुना और उसके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिये।
राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना ने बताया कि जिले में महिलाओं को लेकर जनसुनवाई की गई। ग्यारह महिलाएं उनसे भूमि व पारिवारिक विवाद को लेकर मिलीं। इसमें तीन महिलाओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण हो गया।

अर्चना ने बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा, संरक्षण के अधिकारों की रक्षा करना है। महिलाओं के शैक्षिक, आर्थिक तथा सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहना हैं। महिलाओं को दिये गये संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों से अवगत कराने तथा सम्बद्ध किये जाने वाले उपायों को सुनने के पश्चात उनका सहयोग अवश्य करना है। 

मिशन शक्ति के नोडल जिला प्रोबेशन अधिकारी समर बहादुर सरोज ने बताया कि जिले में महिलाओं के उत्पीड़न सम्बन्धी शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु आयोग के पदाधिकारियों द्वारा जिले के प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय बुधवार को स्थलीय जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित कराये जाते हैं। जनसुनवाई में उपस्थित महिलाओं के आवेदनों/प्रकरणों को जनपद के प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष एवं महिलाओं से सम्बन्धित विभिन्न विभागों के जनपदीय अधिकारियों की उपस्थिति में सुनवाई कर निस्तारित कराया जाता है। पीड़ित महिलायें आयोग की तरफ से स्थापित टोलफ्री (निःशुल्क) महिला  हेल्प लाइन नंबर 1800-180-5220 पर काल कर जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।

इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुवर मित्रेष सिंह कुशवाहा, मुख्य विकास अधिकारी रामसिंह वर्मा, एसडीएम हेमन्त, बाल संरक्षण अधिकारी शिवानंद सिंह, अधिवक्ता सौरभ राय, बाल कल्याण समिति मजिस्ट्रेट/सदस्य कंचन तिवारी सहित अन्य सदस्य इस मौके पर मौजूद होकर महिलाओं की समस्याओं को सुना और चरणबद्ध तरीके से कार्यवाही कर मामलों को निस्तारित किया।