लखनऊ --लखनऊ में संजय सिंह की तिरंगा यात्रा, मुहम्मदाबाद से शामिल हुए बाबू चन्दन कुशवाहा


(रिपोर्ट - महितोष मिश्र)

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ में आम आदमी पार्टी की तरफ से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें गाजीपुर से आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव व गाजीपुर प्रभारी आशीष सिंह पटेल, बाबू चन्दन कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बता दें कि कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह से बाबू चन्दन कुशवाहा की बातचीत भी हुई। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों मुहम्मदाबाद से उन्हें टिकट भी मिल सकता है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की अगुवायी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथ में तिरंगा लिए लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। यह तिरंगा यात्रा गोमतीनगर स्थित पार्टी कार्यालय से निकाली गई।

संजय सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा तानाशाह भाजपा सरकार को बाबा साहब की प्रतिमा के सामने संकेत दे रही है कि संविधान के साथ किसी भी कीमत पर छेड़छाड़ नहीं होने देंगे। देश में भाईचारे और अमन चैन को कायम किया जाएगा।

पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ निकाली गई यह तिरंगा यात्रा गोमतीनगर स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू होकर मिठाई वाले चौराहे से होते हुए सामाजिक परिवर्तन स्‍थल पर पहुंची। प्रदेश अध्‍यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी दिलाने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। यात्रा के जरिए सबको सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

गाजीपुर प्रभारी आशीष सिंह पटेल व बाबू चन्दन कुशवाहा ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। बाबू चन्दन कुशवाहा ने कहा कि बड़े संघर्ष से देश को स्वतंत्रता मिली। लेकिन आज देश व प्रदेश गलत नेतृत्व के हाथ में चला गया है। प्रदेश की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और अत्याचार से त्रस्त है। आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रदेश में शानदार प्रदर्शन करेगी और सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी।

तिरंगा पदयात्रा में राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक बाजपेई, प्रदेश सह प्रभारी ब्रज कुमारी सिंह, नदीम अशरफ जायसी, अभिनव राय, प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल, महिला विंग की अध्यक्षा नीलम यादव, विनय पटेल व महानगर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं गाजीपुर से सिद्धार्थ कुशवाहा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी इस यात्रा में हिस्सा लिया।                                                     रिपोर्ट-- महितोश मिश्रा