गाजीपुर। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश में सरगर्मी तेज होने जा रही है। प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दल चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा जैसे बड़ी पार्टियों के साथ ही इस बार यूपी में आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में उतरेगी। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को यूपी के राजनीतिक मैदान में उतार दिया है।
रविवार को जिले के मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के बखारीपुर ग्राम में आम आदमी पार्टी ने सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान बाबू चन्दन कुशवाहा की अध्यक्षता में दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर मुख्य अतिथि आप प्रदेश सचिव आशीष सिंह पटेल मौजूद रहे। कार्यक्रम में पार्टी नेता व प्रदेश सचिव रविन्द्र नाथ त्रिपाठी, इमरान खान, सुभाष मौर्य, जितेन्द्र मौर्य, राहुल गोंड़, गिरजाशंकर सिंह, राकेश कुमार, राजेश कुशवाहा, दीपक पासवान आदि मौजूद रहे। मंच संचालन सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा ने किया। वहीं लोकप्रिय गायक आरजू आंचल ने अपने गीतों से लोगों को जोड़े रखा।
बाबू चन्दन कुशवाहा ने खुद को आम आदमी पार्टी के टिकट का प्रबल दावेदार बताते हुए कहा कि सभी पार्टियां जातिवाद के मुद्दे पर चुनाव लड़ती हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने जातिवादी पार्टियों को चुनाव में हटाने का बीड़ा उठाया है। पार्टी क्षेत्रीय मुद्दों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में पार्टी नेता संजय सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के लिए मेहनत की जा रही है।
मुख्य अतिथि प्रदेश सचिव व गाजीपुर प्रभारी आशीष सिंह पटेल ने बताया कि आगामी 8 जुलाई से 8 अगस्त तक आम आदमी पार्टी प्रदेश में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 25000 लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। वहीं पूरे प्रदेश में एक करोड़ से अधिक लोगों को सदस्यता दिलाने की योजना है। उन्होंने कहा कि यदि आप पार्टी की सरकार बनती है तो प्रदेश में दिल्ली मॉडल पर काम किया जाएगा।



