यूपी में कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक, कभी मायावती के करीबी रहे इस नेता को दी बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने पंचायत चुनाव से पहले मास्टर स्ट्रोक खेला है। कांग्रेस पार्टी ने कभी बसपा प्रमुख मायावतीउठाये के खास रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी को पार्टी की यूपी मीडिया सेल का चेयरमैन बनाया है। इसके अलावा सतीष अजमानी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संदर्भ में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के लेटर पैड पर दिल्ली से एक आदेश जारी हुआ है, जिस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर हैं। कांग्रेस के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
वर्ष 2022 में यूपी में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बार कांग्रेस पूरी दम से चुनाव में उतरने की तैयारी में है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू प्रदेश में लगातार सक्रिय हैं। साथ ही संगठन भी दुरुस्त किया जा रहा है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी को मिली नई जिम्मेदारी भी इन्हीं तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी बसपा में महासचिव का जिम्मा संभाल चुके हैं। मंत्री और विधायक भी रह चुके हैं।