मधुबन --दुबारी, मऊ --स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुबारी के देवरांचल स्थित मनमन के पुरवा में बुधवार की सुबह 11 बजे महिलाओं द्वारा भोजन बनाते समय चुल्हे से निकली चिंगारी ने चार परिवारों की नौ रिहायशी झोपड़ियों को जलाकर खाक कर दिया। इसमें राशन, कपड़ा समेत अन्य दैनिक उपयोगी सामान जलकर आग की भेंट चढ़ गया। अगलगी की घटना में हजारों की क्षति हुई है। ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए मौके पर दौड़ पड़े। लोगों के अथक प्रयास के बाद भी आग की लपटों के बीच घिरी झोपड़ियों को बचाया नहीं जा सका। आग बुझने के बाद अग्निशमन दस्ता पहुंचा। अगलगी की जानकारी पाते ही मौके पर पहुंची प्रधान रंजना सिंह व प्रधान प्रतिनिधि अनिल सिंह ने पीड़ित परिवारों को हर सम्भव तहसील प्रशासन से सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया है।
थाना क्षेत्र के दुबारी ग्राम पंचायत के देवारा स्थित मनमन का पुरा निवासी लालचन्द के घर की महिलाएं बुधवार की सुबह 11 बजे चुल्हे पर भोजन बना रही थी। इसी बीच चुल्हे से निकली चिनगारी झोंपड़ी के सम्पर्क में आकर शोला बन गई। यह देख खाना बना रही महिलाएं चिल्लाते हुए भाग खड़ी हुई। देखते ही देखते आग की लपटें लालचन्द की तीन, दयाशंकर की दो, संजय की दो व रामलखन की दो रिहायशी झोपड़ियों को एक-एक करके अपने आगोश में लेकर उन्हें राख कर दिया। आग की लपटों को देख ग्रामीण आग बुझाने के लिए मौके पर दौड़ पड़े। लोगों के अथक प्रयास के बाद भी आग का तांडव नहीं रूका। इन परिवारों की पूरी झोपड़ियों को जलाकर आग का तांडव शांत हुआ। अगलगी की जानकारी लगते ही मौके पर ग्राम प्रधान रंजना सिंह, प्रधान प्रतिनिधि अनिल सिंह, लेखपाल अशोक सिंह व दुबारी चौकी प्रभारी गंगाराम बिंद पहुंच गए। प्रधान ने अग्नि पीड़ितों की दुश्वारियों को देख तहसील प्रशासन से हर सम्भव मदद दिलाने का भरोसा दिया।

