बारिश और बादलों के बाद अब मौसम का रुख बदल गया है, दिन में धूप और उमस का दौर चल रहा है। मौसम विज्ञानी इस पूरे सप्ताह मौसम का रुख बादलों और बारिश से कमी का जाहिर कर रहे हैं। इसकी वजह से तापमान और उमस में इजाफा तो होगा ही साथ ही धूप भी चुनचुनी होगी और बारिश की कमी से धान की खेती भी प्रभावित होगी।
सोमवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने पर उमस का भी असर हुआ। तड़के ठंडी हवाओं का जोर रहा और लोगों को मौसम ने काफी राहत भी दी। लेकिन, दस बजते ही आसमान में बादलों के साफ होने के बाद धूप ने अपने तेवर दिखाए और देखते ही देखते आसमान से धूप की तल्खी उमस में बदलने लगी। हालांकि, दिन में बादलों की आवाजाही के बीच धूप का असर काफी लंबे समय तक नहीं रहेगा और धूप होने पर उमस का भी असर होगा। माना जा रहा है कि इस पूरे सप्ताह मौसम का ऐसा ही रुख रह सकता है। जबकि बादलों की सक्रियता होने पर नमी मिली तो बूंदाबांदी भी होना तय है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस दौरान मानसूनी सक्रियता का दौर कम रहने से यह हालत होगी। हालांकि, जुलाई माह की शुरुआत के बाद मौसम का रुख दोबारा बदलेगा और बारिश से मौसम का रुख बदल जाएगा।
