- सत्ता के नशे में तथाकथित नेता ने थाने में समाजसेवी को मार थप्पड़
- पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रही घटना को नेता के खिलाफ नही हुई कोई कार्यवाही
घोसी (मऊ)। सोमवार को घोसी कोतवाली मे वरिष्ठ उप निरीक्षक अनिल द्विवेदी के सामने नगर के एक समाजसेवी जिनका नाम आकिब सिद्धकी है उनपर एक नेता ने कोतवाली में थप्पड़ रसीद कर दिया और कोतवाली पुलिस सत्ता के भय से मूकदर्शक बन तमाशा देखती रही। जबकि थप्पड़ खाने वाला समाजसेवी इस लाकडाऊन में पुलिस व आमजन के लिए एक फरिश्ता साबित हो रहा है। पुलिस को मास्क, ग्लब्स व सेनेटाइजर के साथ आम ज़रूरतमन्दों को राशन व भोजन पहुंचाने की व्यवस्था इस व्यक्ति के हाथों होती है।
मिली जानकारी के अनुसार समाजसेवी आक़िब सिद्दीकी घोसी कोतवाली में वरिष्ठ उप निरीक्षक अनिल द्विवेदी से बात कर रहे थे कि इतने में भाजपा के एक नेता अपने साथियो के साथ आ धमके और बात करते करते आक़िब सिद्दीकी को थप्पड़ जड़ दिया। थाने के अंदर बैठा पूरा पुलिस बल असहाय सा तमाशबीन बना रहा और नेताजी बड़े ठाठ से अपने साथियों के साथ कोतवाली से चल निकले। उक्त घटना की जानकारी नगर सहित पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और दोनों पक्षों से दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचने लगे। किसी भी तरह की किसी अनहोनी के मद्देनजर कोतवाली के ठीक सामने स्थित भाजपा कार्यालय के पास पुलिस मुस्तैद कर दी गई। कोतवाली में तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं की आवाजाही जारी है। पीड़ित समाजसेवी ने इस सम्बंध में दो नामजद व तीन अज्ञात के विरुद्ध थाना परिसर में मारने पीटने की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
पुलिस अधीक्षक ने कार्यवाही करने का आश्ववासन दिया परंतु समाचार लिखे जाने तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।

