Mau- कोरोना की जांच के द्वितीय चरण की हुयी शुरुआत, सभी पास निरस्त, निशुल्क बांटे जाएंगे मास्क।


मऊ, जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य संबंधित कोविड-19 (कोरोना) को लेकर गुरुवार को  जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक हुयी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सतीश चंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कोरोना को लेकर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मीडिया के सम्मुख प्रस्तुत की तथा आगे की तैयारी को भी मीडिया से साझा किया।
जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में लॉक डाउन का और भी सख्ती से पालन किया जाएगा और अब तक जितने भी पास जारी किए गए थे उन्हें तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की जानकारी दी। अब केवल अपरिहार्य कारण और चिकित्सकीय, कृषि कार्य के लिए पास जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि जनपद में टू लेयर और थ्री लेयर मास्क बनाने का कार्य स्थानीय स्तर पर तेजी से प्रारंभ हो गया है जिसमें की टू लेयर मास्क जनपद के सामान्य नागरिकों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे जिन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। वही थ्री लेयर के मास्क हमारे गांव की आशाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे जो घर घर में जाकर बाहर से आये लोगों स्वास्थ्य का कार्य देख रही है। उसके बाद इन थ्री लेयर के मास्क को जिले के सुरक्षा कर्मियों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे जो सार्वजनिक स्थानों पर ड्यूटी दे रहे हैं। यह मास्क खादी के बनाए जारहे हैं जिन्हें धोने के बाद पुनः इस्तेमाल में लाया जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि जनपद में कोरोना की जांच के लिए सैंपलिंग करने का दूसरा चरण शुरू हो गया है। इसका दायरा बढ़ा दिया गया है, जिसमें कि अब यहां से 10 लोगों के सैंपल लिए जाएंगे जिन्हें खांसी आ रही हो, जिनकी सांस फूल रही हो, या जिन्हें बुखार हो ऐसे लोगों को वरीयता देते हुए जिनके अंदर कोई लक्षण भी ना हो फिर भी यह शिकायत हो तो स्वास्थ्य विभाग उन्हें वरीयता देते हुए उनकी जांच कराएगा। सीएमओ ने आगे बताया कि अबतक पहले चरण में क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों का ही सैंपल लिए जा रहे थे जिसमें चरण बद्ध तरीके से  4 से 5 सैंपल प्रतिदिन तैयार किए जा रहे थे। उसकी जांच के लिए लैब को भेजे जा रहे थे। अब तक जनपद से जितने भी सैंपल भेजे गए हैं सभी का परिणाम नेगेटिव ही प्राप्त हुए हैं। सैम्पलिंग का कार्य पूरे एहतियात के साथ नियमानुसार किया जा रहा है।