मिलावटखोर हो जाएं सावधान, जनपद में चल रही मोबाइल प्रयोगशाला

मिलावटखोर हो जाएं सावधान, जनपद में चल रही मोबाइल प्रयोगशाला

मऊ। खाद्य पदार्थों के कारोबारियों की जागरूकता व आम उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिले में खाद्य पदार्थ मोबाइल प्रयोगशाला टेस्टिंग लैब की गाड़ी चलाई जा रही है। जो 30 नवंबर तक विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। गुरुवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट से मोबाइल लैब को रवाना किया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारियों द्वारा जनपद के विभिन्न हिस्सों में निश्चित समय पर मोबाइल टेस्टिंग लैब वाहन पहुंचाकर तत्काल लोगों द्वारा लाए गए खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच की जाएगी।

बता दें कि बीते अगस्त माह में भी 2 दिन के लिए जनपद में सचल प्रयोगशाला उपलब्ध हुई थी। जिसमें कुल 138 खाद्य पदार्थों की जांच मौके पर ही की गई थी। यह सचल प्रयोगशाला गुरुवार को बढ़ुआ गोदाम, गाजीपुर तिराहा, बलिया मोड़ व अदरी पुलिस चौकी पर आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध रहेगी। दूसरे दिन 29 नवंबर दिन शुक्रवार को यह प्रयोगशाला क्रमशः मधुबन बस स्टेशन, दरगाह बाजार, रसूलपुर बाजार के बाद शाम को दोहरीघाट थाना के पास पहुंचेगी। जहां के उपभोक्ता इस सुविधा से लाभान्वित हो सकेंगे। तीसरे दिन शनिवार 30 नवंबर को मोबाइल टेस्टिंग लैब सलाहाबाद से क्रमशः काझा, रायपुर पलिया व चिरैयाकोट के उपभोक्ताओं के लिए उनके बाजारों में उपलब्ध रहेगी। सबसे खास बात यह कि सचल प्रयोगशाला में आप अपने घर से या दुकानदारों के यहां से क्रय कर दूध, दुग्ध पदार्थ, खाद्य पदार्थ, तेल, घी, मसाले व वनस्पति इत्यादि की निशुल्क रूप से तत्काल जांच करा सकते हैं। जिससे लोगों में जागरूकता आएगी।

जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि यथासंभव खुद ही बागवानी करें। जैविक खेती को अपनाकर मिलावट रहित और रसायन मुक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। शुद्ध भोजन खाने से ही शरीर भी स्वस्थ रहेगा। सभी को इसके प्रति जागरूक रहना होगा। सजल मोबाइल प्रयोगशाला लैब से जिले के आम नागरिक और दुकानदार भी लाभान्वित होंगे।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 माह पूर्व अगस्त माह में 2 दिन के लिए यह वाहन जनपद में आई थी। उस समय कुल 138 खाद्य पदार्थों के नमूने जांचे गए जिसमें 36 खाद्य पदार्थ गुणवत्ता व मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। अब पुनः उपभोक्ताओंं व कारोबारियों में जागरूकता लाने के लिए इस बार 3 दिन के लिए यह वाहन जनपद में लाया गया है, जिससे लोग निशुल्क रूप से लाभान्वित हो सकेंगे।