धर्मांतरण पर रोक लगाए जिला प्रशासन, हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन

धर्मांतरण पर रोक लगाए जिला प्रशासन, हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन



मऊ। यूपी सरकार धर्मांतरण के मामलों पर नियम कानून बनाने की तैयारी में लगी है. वहीं मऊ जनपद में धर्मांतरण से जुड़ी ख़बर आई है. जिसे मुद्दा बनाकर हिंदू युवा वाहिनी ने जिला मुख्यालय पर पत्रक दिया. हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने धर्मांतरण पर रोक लगाने की मांग की है.


गौरतलब है कि बीते गुरुवार को उत्तर प्रदेश लॉ कमीशन ने धर्मांतरण को लेकर एक रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप दी है. यूपी के लॉ कमीशन चीफ जस्टिस आदित्य नाथ मित्तल ने कहा था कि जबरन या लालच देकर कराए जाने से धर्मांतरण के मामलों को रोकने के लिए हमारे पास कोई मौजूदा प्रावधान नहीं है. इसलिए हमने धर्मांतरण को रोकने के लिए नए कानून की सिफारिश की है. इस बारे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंपी है.

बता दें कि यूपी में इन दिनों धर्मांतरण से जुड़ी ख़बरें आ रही हैं. मंगलवार को मऊ के रानीपुर थानाक्षेत्र के दरौरा गांव में धर्मांतरण की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. इनमें से दो युवक पादरी बताए जा रहे हैं जिनके पास से धार्मिक पुस्तकें बरामद हुई हैं. मामले में हिंदू युवा वाहिनी ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर पत्रक सौंपा. पत्रक में बीमारी ठीक करने के बहाने और पैसे का लालच देकर धर्मांतरण कराए जाने के मामलों पर रोक लगाने की मांग की गई है.

अजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि दिसंबर का महीना आते ही बीमारी ठीक करने के बहाने या पैसों का लालच देकर ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्मांतरण का खेल खेला जाता है. कल ही रानीपुर थाना क्षेत्र के गांव से धर्मांतरण की खबर आई थी जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने धर्मांतरण कराने वालों को पकड़ा है. जिलाधिकारी से हमारी मांग है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगे. हिंदू समाज में आ रही एकता से घबराकर हिंदू विरोधी खेमा ऐसे घृणित कार्य कर रहा है. हिंदू युवा वाहिनी उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस मामले से उनको भी अवगत कराएगी.


वही कल रानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में धर्मांतरण के मामले पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि कल रानीपुर थाना क्षेत्र से धर्मांतरण की खबर आई थी. जिस पर इंस्पेक्टर रानीपुर को लगाकर मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.
Hindi Net News,  Mau News, Mau Khabar, Latest Mau News