प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद में शत-प्रतिशत सोलर ग्राम के चयन हेतु आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान परियोजना निदेशक डूडा अरविंद पांडेय ने सोलर ग्राम के चयन की प्रक्रिया एवं प्रस्तावित कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत विकासखंड दोहरीघाट के ग्राम रसूलपुर इनामुद्दीनपुर का सोलर ग्राम के रूप में चयन किया गया है। उक्त ग्राम के विकास हेतु यूपी नेडा द्वारा कुल 73 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत की गई है, जिसका अनुमोदन जिला स्तरीय समिति की बैठक में किया जाना है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सोलर ग्राम के अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों एवं उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस पर परियोजना निदेशक ने बताया कि चयनित ग्राम में 06 हाइब्रिड रूफटॉप सोलर सिस्टम, 02 आरओ प्यूरीफायर, 11 हाईमास्ट लाइट तथा 02 सोलर आटा चक्की स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त ग्राम में स्थित समस्त सरकारी कार्यालयों को भी सोलर सिस्टम से आच्छादित किया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायत के सभी निजी घरों में भी शत-प्रतिशत सोलर सिस्टम स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत विकासखंड दोहरीघाट के ग्राम रसूलपुर इनामुद्दीनपुर को सोलर ग्राम के रूप में विकसित किए जाने के प्रस्ताव को जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक डूडा, प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपनिदेशक कृषि सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
