विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक 11,035 आवेदन प्राप्त,मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए बूथवार अभियान में तेजी लाने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश


अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत जिलाधिकारी
Uploaded Image

आनंद वर्द्धन ने आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य की अब तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने 17 नवंबर 2026 से प्रारंभ हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक(24 नवंबर )प्राप्त आवेदनों एवं किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए इसमें और तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक जनपद में कुल 11,035 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें फॉर्म-6 के 7,656, फॉर्म-7 के 1,098 तथा फॉर्म-8 के 2,281 आवेदन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 21 एवं 22 नवंबर को विशेष अभियान भी संचालित किया गया था। फॉर्म-6 नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने, फॉर्म-7 अपात्र, मृतक अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने तथा फॉर्म-8 मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन एवं विवरणों में सुधार के लिए प्रयोग किया जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिकाधिक समावेशी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके अंतर्गत छूटे हुए सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने के साथ ही मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाने तथा मतदाता सूची में विद्यमान त्रुटियों का समयबद्ध सुधार किया जाना है।
उन्होंने बताया कि अन्य जनपदों की तुलना में जनपद मऊ की अब तक की प्रगति औसत स्तर पर है, जिसे और बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को और अधिक सक्रिय करने तथा बूथवार विशेष फोकस के साथ अभियान चलाकर अधिकाधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फॉर्म-6 के साथ-साथ फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 भी अधिकाधिक संख्या में भरवाने की अपील की, ताकि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया समय रहते पूर्ण की जा सके। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का विशेष ध्यान रखते हुए सभी संबंधित पक्ष अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं के फॉर्म-6 भौतिक रूप से भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं। ऐसे प्राप्त फॉर्मों को संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से समय रहते ऑनलाइन फीड कराया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय एवं सहभागिता के साथ बूथवार अभियान संचालित कर पुनरीक्षण कार्य को गति देने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।