'बदलाव को तैयार मऊ, अब विकास और स्वाभिमान का शंखनाद'- शक्ति सिंह


Uploaded Image

मऊ में विकास, सुरक्षा और राजनीतिक बदलाव की नई आकांक्षाओं को लेकर उठ रही आवाज अब राजधानी लखनऊ के प्रमुख बौद्धिक और राजनीतिक मंचों तक पहुँचने लगी है। रविवार को राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे पर 'फ्रेंड्स ऑफ योगी' द्वारा आयोजित उच्चस्तरीय 'यूथ डायलॉग' संगोष्ठी में पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं वरिष्ठ विधिक विशेषज्ञों के साथ भाजपा नेता शक्ति सिंह ने अपने संबोधन के माध्यम से मऊ सहित पूरे पूर्वांचल के नए भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की।

अपने संबोधन में शक्ति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर हुए बदलाव ने अपराध, रंगदारी और माफिया तंत्र के वर्चस्व को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई को केवल अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। इसका व्यापक संदेश उस भय और दबंगई के तंत्र को चुनौती देना है, जिसने दशकों तक पूरे प्रदेश की सामाजिक और आर्थिक संभावनाओं को प्रभावित किया।

उन्होंने कहा कि कल तक जिस मऊ के बुनकर, व्यापारी और नौजवान खुली जीपों में असलहों के प्रदर्शन और रंगदारी के डर से पलायन को मजबूर थे, आज कानून के राज ने उसी मऊ को सुरक्षित और स्वाभिमानी बनाया है। बुलडोज़र वास्तव में उस खौफ पर चला है जिसने मऊ और पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश की पीढ़ियों का भविष्य निगल लिया था। आज कानून के शासन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था ने मऊ के सामने नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। अब आवश्यकता है कि इस बदले हुए वातावरण को ठोस आर्थिक विकास, निवेश और रोजगार में परिवर्तित किया जाए।

मऊ के आम जनमानस की आकांक्षाओं और आगामी राजनीतिक दिशा को स्पष्ट करते हुए शक्ति सिंह ने मंच से बड़ा ऐलान किया:

> *"30 साल तक जिस मऊ को एक माफिया सिंडिकेट के आतंक से जोड़कर जानबूझकर विकास की दौड़ से बाहर रखा गया, आज वह मऊ भय के अतीत को पूरी तरह दफन कर चुका है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ने मऊ को लखनऊ से मात्र तीन घंटे की दूरी पर लाकर प्रदेश की आर्थिक लाइफलाइन बना दिया है। अब मऊ की पहचान किसी माफिया की कब्र या अपराध की फाइलों से नहीं होगी। मऊ की नई पहचान आधुनिक टेक्सटाइल हब, हमारे बुनकरों के हुनर को ग्लोबल मार्केट, नया औद्योगिक निवेश और स्थानीय युवाओं के लिए उत्कृष्ट शिक्षा, खेल-कूद के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप्स व सम्मानजनक रोजगार से होगी। लखनऊ के इस प्रबुद्ध मंच से यह साफ संदेश है कि मऊ की जनता अब मूक दर्शक नहीं है, वह बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और इस बार मऊ की धरती से विकास व राष्ट्रवादी नेतृत्व के ऐतिहासिक बदलाव का शंखनाद होगा।"*

आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए शक्ति सिंह ने कहा कि दंगों के खात्मे ने ही यूपी को 27 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था और युवाओं को 7 लाख पारदर्शी नौकरियां दी हैं। ​उन्होंने सीधा सवाल दागा— "जब यूपी बदल सकता है, तो मऊ क्यों नहीं? 30 साल के माफिया सिंडिकेट ने मऊ को सिर्फ बदनामी दी; अब वक्त हिसाब का नहीं, मऊ के स्वाभिमान और पूर्ण बदलाव का है।"

संगोष्ठी में मौजूद पूर्व डीजीपी व कानूनविदों ने शक्ति सिंह के इस विजन का जोरदार स्वागत किया।