मऊ। आगामी 3 दिसंबर को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भाकपा युवा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विवेक राय गोलू ने अमिला, घोसी सहित दर्जनों लोगों से मुलाकात कर आंदोलन के समर्थन में पर्चा वितरित किया और अधिक से अधिक लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
आंदोलन के माध्यम से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कृषि संकट, खाद की कमी, धान खरीद में लापरवाही, नहरों में पानी की समस्या और झाड़-झंखाड़ से पटी नहरों की बदहाली जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा और उद्योग के निजीकरण के खिलाफ सत्याग्रह एवं जेल भरो आंदोलन की तैयारी की जा रही है।
विवेक राय गोलू ने कहा कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन पर्चा वितरण अभियान चलाया जाएगा और किसानों, मजदूरों, बुनकरों तथा छात्रों की समस्याओं को लेकर जनसंपर्क किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के मुद्दे पर लाल झंडे के लोग हमेशा संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में भी कम्युनिस्ट पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
