लंदन में प्रतिष्ठित मानद उपाधि से सम्मानित होने के बाद वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. एकिका सिंह का बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), मऊनाथ भंजन की ओर से अभिनंदन किया गया। अग्रवाल नर्सिंग होम में आयोजित आईएमए की कार्यकारिणी बैठक में चिकित्सकों ने डॉ. सिंह को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को मऊ के चिकित्सा जगत के लिए गौरवपूर्ण बताया।
डॉ. एकिका सिंह को लंदन में रॉयल कॉलेज ऑफ ऑब्स्टेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट (RCOG) की ओर से प्रतिष्ठित मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद जिले के चिकित्सकों में खुशी का माहौल है। आईएमए की बैठक में भी इस उपलब्धि की चर्चा प्रमुखता से हुई।
आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मऊ के चिकित्सक को मिली यह मान्यता जिले के लिए सम्मान की बात है। डॉ. सिंह की उपलब्धि चिकित्सा क्षेत्र में काम कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। इस दौरान आईएमए परिवार की ओर से उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यकारिणी की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
अग्रवाल नर्सिंग होम में हुई कार्यकारिणी की बैठक में आईएमए की आगामी गतिविधियों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा चिकित्सकों की भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
