पिपराडीह में पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग, व्यापार मंडल ने रेल मंत्री से की अपील



Uploaded Image

मऊ जनपद के पिपराडीह में दोहरीघाट–वाराणसी सिटी पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग तेज हो गई है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने रेल मंत्री से ट्रेन संख्या 65121 और 65122 का दो मिनट का ठहराव पिपराडीह स्टेशन पर देने की मांग की है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद मऊ के जिलाध्यक्ष डॉ. राम गोपाल गुप्त ने बताया कि पिपराडीह और आसपास के लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी प्रतिदिन व्यापार के सिलसिले में वाराणसी आते-जाते हैं। यहां से रेडीमेड चप्पल, बच्चों के खाद्य पदार्थ, चिप्स, टॉफी समेत अन्य सामान का व्यापार बड़े स्तर पर होता है।
उन्होंने रेल मंत्री से मांग की कि दोहरीघाट से वाराणसी सिटी के बीच नियमित रूप से संचालित पैसेंजर ट्रेन संख्या 65121 और 65122 का पिपराडीह स्टेशन पर कम से कम दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों को सुविधा मिल सके।
यह मांग पिपराडीह शाखा के अध्यक्ष डॉ. जे. पी. यादव के प्रतिष्ठान पर आयोजित व्यापारियों की बैठक में उठाई गई। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई और निर्णय लिया गया कि सभी व्यापारी अपनी दुकानों के साथ-साथ बाहर सड़क की ओर भी सीसीटीवी कैमरे लगवाएंगे।
बैठक में संजय सर्राफ, अजहर फैजी, महातम यादव, इकबाल अहमद, सुभाष कन्नौजिया, आनंद गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, उमेश चंद, दीनबंधु मिश्र, अशोक सिंह सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।