मऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर मेरा युवा भारत केंद्र, मऊ एवं स्वदेशी जागरण मंच, मऊ के संयुक्त तत्वावधान में डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शर्वेश पांडेय उपस्थित रहे। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक पंकज तिवारी, समाजशास्त्र विभाग के अध्यापक एवं एनसीसी के एएनओ डॉ. सूर्यभूषण द्विवेदी, शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यापक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल जायसवाल, समाजशास्त्र विभाग के अध्यापक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रविंद्र जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डॉ. अमरीश जी तथा प्रवीण जी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन ओमकार सिंह द्वारा किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया गया।
