4 वर्ष से लापता ट्रांसफार्मर और विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन


Uploaded Image

मऊ। सहादतपुरा वार्ड नंबर-5 पूर्वी के नगरवासियों ने आज लगभग 4 वर्षों से लापता ट्रांसफार्मर को खोजने, एक ही स्थान पर तीन बार 11000 केवीए का तार लगाकर भुगतान लेने तथा जनता के धन के दुरुपयोग के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व अमरेश सिंह एडवोकेट, महामंत्री टैक्स बार, ने किया। प्रदर्शनकारियों ने “विद्युत विभाग मुरादाबाद एक्सईएन होश में आओ”, “जनता के पैसे की बर्बादी बंद करो” आदि नारों के साथ विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान ब्रह्मस्थान चौकी इंचार्ज विवेक कुमार रावत को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि जनता के धन की खुली लूट एवं भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोहल्ले के लोगों ने आरोप लगाया कि वर्षों से ट्रांसफार्मर गायब है, लेकिन विभागीय अभिलेखों में कार्य दिखाकर भुगतान लिया गया, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में पांच दर्जन से अधिक मोहल्लावासी उपस्थित रहे।

अमरेश कुमार सिंह एडवोकेट मंत्री टैक्स बार अध्यक्ष अभिभावक मंच ने चेतावनी दी कि यदि 25 मई तक उक्त ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तथा दोषियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत नहीं हुआ, तो सोमवार प्रातः 10:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ा प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन के दौरान विनीत राय, आशीष राय, अम्बुज राय,शुभम हिमांशु,आशुतोष,संतोष,पीयूष,सुधांशु अभिषेक ,बिट्टू आलोक आदि ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर लगाने की मांग किया है।