हौसले बुलंद हों तो दिव्यांगता भी ऊँची उड़ान नहीं रोक पाती — डॉ. अरविंद श्रीवास्तव


मऊ-गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करा चुके दिव्यांग अभिषेक पांडेय को उनके गृह जनपद मऊ में भव्य समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। यह आयोजन रामकुमार गिरिजा देवी मेमोरियल ट्रस्ट के सौजन्य से शिवम होम्योपैथिक हॉस्पिटल, गाजीपुर तिराहा में सम्पन्न हुआ।
हाल ही में अभिषेक पांडेय को समर्पण फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद मरीजों को निरंतर रक्त उपलब्ध कराने एवं समाजसेवा के उल्लेखनीय कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से सम्मानित किया गया था। इसी कड़ी में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में डॉ. अरविंद श्रीवास्तव एवं डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने अभिषेक पांडेय को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके माता-पिता शैल कुमारी पांडेय एवं लक्ष्मण 


 पांडेय को माला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि हौसले बुलंद हों तो दिव्यांगता कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती, जिसका जीवंत उदाहरण अभिषेक पांडेय हैं।
डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने कहा कि सफलता शॉर्टकट से नहीं, बल्कि संकल्प और निरंतर मेहनत से मिलती है और यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उनके मूल्यों और मानवता का सम्मान है।
अभिषेक पांडेय ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में समस्याएँ अनेक होंगी, लेकिन समाधान स्वयं ढूँढना होगा। सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज श्रीवास्तव, देवेंद्र राय, उपमा राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और अभिषेक पांडेय को शुभकामनाएँ दीं।