मऊ। जनपद मऊ में पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 44 उपनिरीक्षकों का तबादला कर दिया है। यह निर्णय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक के बाद लिया गया, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह कदम हाल ही में हलधरपुर थाने के उपनिरीक्षक अजय सिंह की एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तारी के बाद विभाग की छवि सुधारने के उद्देश्य से उठाया गया बताया जा रहा है।
मऊ एसपी डॉ. इलामारन अपनी ईमानदार और सख्त छवि के लिए जाने जाते हैं। वे कई मौकों पर स्पष्ट कह चुके हैं कि "अगर पुलिस विभाग में कोई भी गलत कार्य करेगा, तो वह बख्शा नहीं जाएगा।"
हालांकि, उनके अधीन कार्यरत कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपने आचरण से विभाग की छवि धूमिल करते रहे हैं। ऐसे में यह व्यापक तबादला न केवल मऊ पुलिस की कार्यशैली में सुधार लाने का प्रयास माना जा रहा है, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'भ्रष्टाचार मुक्त पुलिस' की नीति को भी बल प्रदान करेगा।
अब देखना यह होगा कि विभिन्न थानों में नई तैनाती पाने वाले ये 44 उपनिरीक्षक जनविश्वास बहाली और पुलिस की साख पुनर्स्थापना में कितने सफल साबित होते हैं।
