लखनऊ यूनिवर्सिटी से गोमतीनगर तक बिना जाम के वाहनों को पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए तीन ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अलावा बंधा रोड के चौड़ीकरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई है। राजधानी में 190 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के तहत हनुमान सेतु से निशातगंज पुल होते हुए सीधे गोमतीनगर तक जाने के लिए एलडीए नया रास्ता बनाएगा। इसके लिए तीन ब्रिज बनाए जाएंगे। इसमें करीब 190 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा एक सड़क भी चौड़ी की जाएगी। शनिवार को मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। योजना के मुताबिक हनुमान सेतु की पार्किंग के पीछे नदी के किनारे नया ब्रिज बनेगा तो बीरबल साहनी मार्ग से निशातगंज पुल को पार करने के लिए फ्लाईओवर बनेगा। इसके आगे बंधा रोड को विकसित किया जाएगा, ताकि लोग सीधे कुकरैल फ्लाईओवर पहुंच सकें। यह कॉरिडोर इस तरह से बनेगा, ताकि लोगों को ट्रैफिक जाम से न जूझना पड़े।
हनुमान सेतु के पीछे 210 मीटर का ब्रिज बनेगा। इसी तरह बीरबल साहनी मार्ग से निशातगंज पुल को पार करने के लिए 210 मीटर लंबा 4 लेन का ब्रिज बनाया जाएगा। निशातगंज से कुकरैल पुल के बीच एक किलोमीटर तक बंधा चौड़ा करके 4 लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान बंधे को कुकरैल फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते को कनेक्ट करने के लिए कुकरैल नदी पर 240 मीटर लंबा 4 लेन का ब्रिज बनाया जाएगा। इसके साथ ही गोमती नगर विस्तार सेक्टर-6 स्थित एसएसबी अंडरपास से गोमती नदी बंधा रोड से शहीद पथ होते हुए कानपुर रोड जाने के लिए सम्पर्क मार्ग बनाया जाएगा। इसमें लगभग 4.91 करोड़ रुपये खर्च आएगा। परियोजना के पूरी होने के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी से गोमतीनगर तक पहुंचने में महज 15 मिनट का समय लगेगा। अभी इसमें 40 से 45 मिनट लग जाते हैं।