आजमगढ़. सत्ता का सेमीफाइनल कहे जा रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बसपा ने अपने पत्ते खोल दिये है। पार्टी ने बाहुबली भूपेंद्र सिंह मुन्ना की पत्नी संध्या सिंह सहित जिला पंचायत सदस्य के 16 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बाकी की सीटों के लिए पांच अप्रैल के बाद प्रत्याशियों के घोषणा की संभावना है। भागीदारी संकल्प मोर्चा के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी करने वाली बसपा दूसरी पार्टी है। भाजपा, सपा और कांग्रेस ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले है।बसपा की सूची जारी करते हुए जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि चकसिकठी अनारक्षित सीट से अजय प्रकाश सिंह गुजरपार, राजापुर सिकरौर अनारक्षित महिला सीट से गजाला परवीन, जाफरपुर अनारक्षित महिला सीट से रंजना सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। वही ठेकमा अनारक्षित महिला सीट से भूपेन्द्र सिंह मुन्ना की पत्नी संध्या सिंह, सेठवल अनारक्षित सीट से डीएवी के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरूण कुमार मिश्र लालू, समेंदा अनारक्षित सीट से हरिप्रकाश राय को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसी तरह हाजीपुर अनारक्षित सीट से रामनिवास यादव, गजहड़ा अनारक्षित सीट से आकाश राय, बम्हौर पिछड़ी जाति आरक्षित सीट से सिकंदर चैहान, बरदह अनारक्षित महिला सीट से शैल कुमारी, सराय सागर मालटारी अनारक्षित सीट से रामआशीष यादव, देवगांव पिछडी महिला सीट से पूनम यादव, कैथीशंकरपुर अनुसूचित जाति आरक्षित सीट से देवेन्द्र कुमार, सराय मोहन अनुसूचित जाति महिला आरक्षित सीट से आशा, गोमाडीह अनुसूचित जाति महिला सीट से शिवरात्रि देवी, लहुवाकला अनुसूचित जाति सुरक्षित सीट से कल्पनाथ को मैदान में उतारा गया है।
आजमगढ़ व गोरखपुर मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी पूर्व एमएलसी डा. विजय प्रताप ने बताया कि उक्त घोषित सीट पर बसपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य के उम्मीदवार ही पार्टी का झंडा बैनर व पोस्टर लगाने हेतु अधिकृत किये गये है। इनके अलावा कोई भी बसपा पार्टी के झंडे का प्रयोग करेगा तो उसके खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत से पंचायत चुनाव लड़ेगी।

