अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर जिलाधिकारी ने वृद्ध आश्रम पहुंचकर वरिष्ठजनों को किया सम्मानित,बुजुर्गों से संवाद कर जाना हाल-चाल,मिष्ठान एवं वस्त्र किए वितरित,जरूरतमंद वृद्धजनों को प्रदान किए चश्मे

अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मोहम्मदाबाद गोहना स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वरिष्ठजनों से मुलाकात की तथा उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को मिष्ठान एवं वस्त्र वितरित किए और उनके साथ आत्मीयता से संवाद करते हुए उनका हाल-चाल जाना।
जिलाधिकारी ने वृद्ध आश्रम में निवासरत बुजुर्गों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज और परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने वृद्धजनों को आश्वस्त किया कि वे उनके सुख-दुख में सहभागी रहेंगे तथा जब भी आवश्यकता होगी, वृद्ध आश्रम पहुंचकर उनसे मुलाकात करते रहेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने बुजुर्गों से आशीर्वाद भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा वर्तमान समय में नई पीढ़ी के बुजुर्गों के प्रति व्यवहार पर आधारित भावनात्मक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से उन परिस्थितियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया, जिनमें कई बुजुर्गों को उनके अपने बच्चे वृद्ध आश्रम पहुंचा देते हैं तथा कुछ परिवारों में नई पीढ़ी अपने माता-पिता के लिए समय तक नहीं निकाल पाती। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
इसी क्रम में वृद्ध आश्रम में निवासरत ऐसे बुजुर्गों, जिन्हें आंखों से संबंधित समस्या थी, का चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा जरूरतमंद वरिष्ठजनों को चश्मे भी प्रदान किए गए। इस पहल से बुजुर्गों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिली।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान एवं उनकी देखभाल केवल किसी एक दिवस तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह समाज और परिवार की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने नई पीढ़ी से बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना सुश्री अर्चना अग्निहोत्री, तहसीलदार मोहम्मदाबाद गोहना तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रश्मि मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image