संत बाबा गणिनाथ जी महाराज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा 13 दिसम्बर-2026 को,27 दिसंबर को होगा भव्य पुरस्कार वितरण



Uploaded Image

मध्यदेशीय वैश्य महासभा के युवा पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक कैम्प कार्यालय दक्खिन टोला में आयोजित की गई। बैठक में आगामी संत बाबा गणिनाथ जी महाराज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2026 के सफल, अनुशासित एवं भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही प्रतियोगिता की तैयारियों, प्रचार-प्रसार एवं विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में छात्र-छात्राओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने, पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने तथा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संत बाबा गणिनाथ जी महाराज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2026 की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने के लिए 27 दिसंबर 2026 को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

बैठक में नगर के सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों सहित युवा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की। सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को प्रतियोगिता से जोड़ने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
मध्यदेशीय वैश्य महासभा के युवा प्रदेश महामंत्री एवं प्रतियोगिता आयोजन मंडल के सदस्य अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि “संत बाबा गणिनाथ जी महाराज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा, ज्ञान और प्रतियोगी भावना से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस प्रतियोगिता में भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया जाएगा, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।”

हेमराज मद्धेशिया ने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए नगर के सभी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा समाज के सभी लोगों से इसमें सहयोग एवं सहभागिता की अपील की जाएगी।

संजय मद्धेशिया ने कहा कि “इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों और युवाओं में सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के जीवन एवं विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संत बाबा गणिनाथ जी महाराज के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा और संगठन के क्षेत्र में आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने “शिक्षित समाज, संगठित समाज और सशक्त समाज” के संकल्प को दोहराते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में नवनीतदास मद्धेशिया, मनोज मद्धेशिया,रोशन मद्धेशिया, अनूप मद्धेशिया, विजय मद्धेशिया, मुकेश मद्धेशिया, दिप गुप्ता,अक्कू गुप्ता संजीव मद्धेशिया, विनोद मद्धेशिया, दीपक मद्धेशिया, रवि मद्धेशिया, नीरज मद्धेशिया, शुभम मद्धेशिया,पवन मद्धेशिया, मनीष मद्धेशिया,मौजूद रहे ।