भारतीय बीज विज्ञान संस्थान, मऊ में प्रशिक्षण लेंगे भोजपुर, बिहार से आए किसान


भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद - भारतीय बीज विज्ञान संस्थान, कुशमौर, मऊ में दिनांक 02 से 06 सितम्बर 2024 तक पांच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह दिनांक 02 सितम्बर 2024 को आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (ATMA), भोजपुर, बिहार द्वारा प्रायोजित है | निदेशक डॉ संजय कुमार के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम में कृषकों को गुणवत्ता बीज उत्पादन की तकनीकियों से अवगत कराया जाएगा |  कार्यक्रम के समन्वयक संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ अंजनी कुमार सिंह ने गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन के सामान्य सिद्धांतों पर प्रकाश डाला | डॉ अलोक कुमार तथा डॉ पवित्रा वि भी कार्यक्रम का समन्वयन कर रहे हैं| कृषकों के लिए मुख्य विषयों पर व्याख्यान के साथ प्रयोगात्मक सत्र भी आयोजित किये जाएंगे | संस्थान के अन्य वैज्ञानिकों के साथ क्षेत्रीय केंद्र बेंगलुरु के वैज्ञानिक भी ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ेंगे तथा अपने अनुभव एवं ज्ञान  कृषकों से साझा करेंगे | इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भोजपुर, बिहार से  40 किसान प्रतिभाग कर रहे हैं| निदेशक डॉ संजय कुमार ने कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि  बिहार में भी गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन की प्रचुर संभावनाएं हैं जिसका कृषक लाभ उठाएं ।