व्यापारियों के हितों और अधिकारों को लेकर अखिलेश यादव से मिले समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारी



Uploaded Image

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित  कार्यालय में समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया एवं समाजवादी व्यापार सभा, जनपद मऊ के जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने प्रदेश के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं, उनके हितों, सम्मान, सुरक्षा एवं व्यापारिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने छोटे, मध्यम, खुदरा एवं थोक व्यापारियों के सामने आ रही चुनौतियों, बढ़ती व्यापारिक कठिनाइयों तथा सरकारी विभागों द्वारा निरीक्षण एवं जांच के नाम पर छोटे व्यापारियों को होने वाली परेशानियों जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा।

मुलाकात के दौरान अभिषेक मद्धेशिया ने वैश्य समाज के कुलगुरुओं का चित्र राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सादर भेंट किया। इस अवसर पर उन्होंने वैश्य समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समाज की भागीदारी, सम्मान एवं राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि व्यापारी समाज देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। व्यापारी अपने परिश्रम से न केवल रोजगार के अवसर पैदा करते हैं, बल्कि सरकार को राजस्व उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनके सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।

दोनों पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से आग्रह किया कि व्यापारियों की आवाज को संगठन एवं राजनीतिक स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाए, जिससे छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारियों तक सभी को सम्मानजनक एवं सुरक्षित व्यापारिक वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने कहा कि जनपद मऊ सहित पूरे प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से निरंतर उठाया जाता रहेगा।

दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल  एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के हितों के लिए संगठन लगातार सक्रिय है। संगठन का प्रयास है कि व्यापारी वर्ग की समस्याओं को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाए।

इस मुलाकात को प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं, उनके अधिकारों तथा वैश्य समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है इस मौके पर समाजवादी पार्टी मऊ के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव मौजूद रहे ।